Sunday, November 1, 2026
The News Launcher Home ओपिनियन देश/दुनिया राज्य समाज साहित्य
साहित्य

भाजपा का बाप बचाओ आंदोलन

भाजपा का बाप बचाओ आंदोलन

क्या कारण है कि मोदीजी अपने बाप का जरा भी जिक्र नहीं करते? वो भले ही नॉन बायोलॉजिकल हैं लेकिन बाप तो बायोलॉजिकल थे। क्या कारण है कि उन्होंने राहुल गाँधी के “Smash the patriarchy यानी पितृसत्तात्मक व्यवस्था को पितृसत्तात्मक व्यवस्था को खत्म कर दो’’ कहने से पहले बाप को स्मैश कर दिया। देखा जाए तो मोदीजी असली फेमिनिस्ट हैं। वे चाहते तो ये बात कह सकते थे लेकिन इस सवाल पर उन्होंने कभी राजनीति भी नहीं की।

राकेश कायस्थ

भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्रव्यापी आंदोलन छेड़ने की तैयारी में हैं। आहत होने का कारण कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का बयान है, जिसमें उन्होंने हमारे नॉन बायलॉजिकल प्रधानमंत्री के बाप का अपमान किया।

राहुल गाँधी ने नारा दिया Smash the patriarchy यानी पितृसत्तात्मक व्यवस्था को चुनौती दो। वैसे तो ये नारा देशभर की लड़कियों के लिए था लेकिन जोश में आ गये खरगे जी और उन्होंने सीधे नॉन बायोलॉजिकल महामानव के बाप को स्मैश कर दिया।

खरगे बिहार के एक कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे। भीड़ में से किसी ने आवाज़ लगाई “मोदी नहीं जाएंगे।“ इस पर खरगे ने ललकारते हुए कहा “जाना तो मोदी के बाप को भी होगा।“
देशभर के भाजपा नेता इस बयान से आहत हैं और कार्यकर्ता भी गुस्से से उबल रहे हैं। मैं भी इस बयान की कड़ी निंदा करता हूँ। खड़गे उस आदमी को भेज रहे हैं, जो बेचारा कभी आया ही नहीं था।

मोदी प्रधानमंत्री बने। उसके बाद उनकी माँ अनगिनत कहानियों और संस्मरणों में आईं। नोटबंदी के दौरान एटीएम की लाइन में भी नज़र आईं। अक्सर सार्वजनिक सभाओं में माँ के संघर्षों का जिक्र करते हुए मोदी का गला रुंध आता था। लेकिन अपने बाप का जिक्र उन्होंने कहीं एक लाइन में भी नहीं किया।

भाजपा की आईटी सेल ने आलू से सोना बनाने वाले मोदी के बयान की नकल करने वाली बाइट को बीच से काटकर उसे राहुल के नाम पर चिपका दिया। इसके बदले में कांग्रेस के आईटी सेल ने मोदीजी को पठान का बच्चा बना दिया। मोदीजी के वास्तविक बाप श्रीयुत दामोदर दास की एंट्री तब भी नहीं हुई।

भाजपा या स्वयं मोदीजी की तरफ से पठान का बच्चा पर एतराज करते हुए ये नहीं कहा गया कि जब वो दामोदार दास जी के सुपत्र हैं तो फिर उन पर ऐसी भद्दी बात क्यों चिपकाई जा रही है।

सच पूछा जाए तो दामोदर दास जी भारतीय राजनीति के अनसंग हीरो हैं। जरा से सोचिए कि अगर गरीब माँ ने संघर्षों से बेटे का लानन-पालन किया, उसे मगरमच्छ पकड़ने दिया तो बाप ने भी तो चायवाला बनाया। अगर मोदीजी चायवाला नहीं होते तो क्या इस देश के प्रधानमंत्री होते? मोदीजी के भाइयों के बयानों को सच मानें तो बचपन में मोदीजी घर से जो गहने लेकर भागे थे, आखिर उसमें भी तो बाप का पैसा लगा ही होगा।

फिर क्या कारण है कि मोदीजी अपने बाप का जरा भी जिक्र नहीं करते? वो भले ही नॉन बायोलॉजिकल हैं लेकिन बाप तो बायोलॉजिकल थे। क्या कारण है कि उन्होंने राहुल गाँधी के Smash the patriarchy कहने से पहले बाप को स्मैश कर दिया। देखा जाए तो मोदीजी असली फेमिनिस्ट हैं। वे चाहते तो ये बात कह सकते थे लेकिन इस सवाल पर उन्होंने कभी राजनीति भी नहीं की।

संबित पात्रा ने मोदीजी को इस देश का बाप कहा था। अगर इस तर्क के आधार पर देखें तो फिर मोदीजी अपने बाप के भी बाप हुए। क्या यही कारण है कि वो कभी दामोदर दास जी का उल्लेख नहीं करते?

दामोदर दास जी के विषय में इतिहास मौन है। अब उनके जाने की बात सुनकर भाजपा वाले आहत हैं। उनका आहत होना बनता है लेकिन पार्टी के लिए ये मौका है कि इसी बहाने वो पूरे देश को बताए कि दामोदर दास जी थे कौन? पाठ्यक्रम में इतने बदलाव हो रहे हैं और बीस से ज्यादा राज्यों में भाजपा की सरकार है। क्या एक चैप्टर दामोदर दास जी पर नहीं रखा जा सकता?

बाप बिरादरी इस देश में हमेशा से उपेक्षित रही है। क्या अपने बापत्व को ललकारे जाने पर मोदीजी उसी तरह रील बनाएंगे जिस तरह ‘माँ को दी गई गाली’ के बाद बनाई थी? इस दुनिया की तमाम गालियां मर्दवादी नज़रिये से आविष्कृत हैं और उनमें निशाना औरतों को बनाया जाता रहा है।

ज्यादा ताज्जुब ये है कि साउथ दिल्ली और साउथ बांबे की लड़कियां भी आजकल धड़ल्ले से माँ बहन की गालियां बकती हैं। इस घटना ने उन्हें मौका दिया है कि वो कुछ मौलिक गालियां इजाद करें और बाप भाई तक पहुंचे तो कुछ बराबरी का मामला बने।

भारतीय राजनीति एक तरह बाप निरपेक्ष है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि मोदीजी के बाप के सम्मान में भाजपा कार्यकर्ताओं के मैदान में आने का असर क्या होता है।

(लेखक चर्चित व्यंग्यकार और राजनीतिक टिप्पणीकार हैं। उनका यह लेख उनकी फेसबुक वॉल से साभार)

Related Articles

Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment